देहरादून। उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat ने शिक्षकों के लिए बड़ी सुविधा की घोषणा की है। अब शिक्षकों को अवकाश लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि उन्हें ऑनलाइन ही छुट्टी मिल सकेगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि यह नई व्यवस्था जल्द ही विद्या समीक्षा केंद्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर “ऑनलाइन छुट्टी प्रबंधन मॉड्यूल” के रूप में जोड़ी जाएगी। इसके माध्यम से शिक्षक और अन्य कार्मिक कहीं से भी और कभी भी अवकाश के लिए आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा दे रही है, जिससे पारदर्शिता, दक्षता, सुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। नई प्रणाली में अवकाश स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया सरल बनेगी।
डॉ. रावत ने बताया कि इस डिजिटल मॉड्यूल के जरिए अवकाश से संबंधित सभी रिकॉर्ड सुरक्षित और व्यवस्थित रहेंगे। इससे भविष्य में प्रशासनिक असुविधाएं कम होंगी और अधिकारियों को भी अवकाश स्वीकृति में आसानी होगी।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऑनलाइन अवकाश प्रणाली को जल्द से जल्द लागू किया जाए। साथ ही विभाग के अन्य प्रशासनिक कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन किया जाएगा, ताकि शिक्षा विभाग को पूरी तरह ई-गवर्नेंस आधारित प्रणाली में बदला जा सके।

