देहरादून। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब उत्तराखंड से विदा लेने की कगार पर पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तीन अक्तूबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वर्तमान में मानसून वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, मैदानी इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
देहरादून में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर में अधिकतम तापमान 33.4, मुक्तेश्वर में 23.0 और नई टिहरी में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दो अक्तूबर को देहरादून में आसमान साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

