ऋषिकेश। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर फलदार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आक्सीजन एवं पर्यावरण को संरक्षित रखने और उत्तराखंड को हरा-भरा बनाए रखना हम सब लोगों का परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रकृति को सहेज कर रखना हमारी गौरवशाली परंपरा है, जिसका प्रमाण वृक्षों की पूजा से मिलता है। उन्होंने पौधारोपण कर कहा है कि यह दिवस हमें मानव और प्रकृति के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने की प्रेरणा देता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बिगड़ने से आज जल, वायु, भूमि सभी क्षेत्रों में प्रदूषण का बढ़ना एक बड़ी चुनौती के रूप में हमारे सामने है। उन्होंने कहा है कि घर में होने वाले किसी भी शुभ पर्व पर हम पौधारोपण से उस कार्य की शुरुआत करें ताकि हमारे व्यवहार में पर्यावरण संरक्षण जुड़ सकें। इस अवसर पर वीर भद्र मंडल के अध्यक्ष अरविंद चौधरी, वीरभद्र मंडल की महिला मोर्चा की अध्यक्ष रजनी बिष्ट, नगर निगम पार्षद सुंदरी कंडवाल उपस्थित थे।

.jpeg)
.jpeg)

