देहरादून। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (एचएनबीजीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित होने वाली विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी) के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 28 मई 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित की गई थी, लेकिन छात्रहित को देखते हुए और अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को मौका देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय प्रशासन ने तिथि बढ़ाने का फैसला लिया है। इससे उन छात्रों को राहत मिली है, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।
यूईटी के माध्यम से विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों में बीएड, एमएड, बीपीएड, एमपीएड, विधि स्नातक, बी.लिब समेत विभिन्न स्नातकोत्तर डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। हर वर्ष इन पाठ्यक्रमों के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवेदन करते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद आवेदन तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया। साथ ही अंतिम दिनों में तकनीकी दिक्कतों और वेबसाइट पर बढ़ते दबाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नई निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि इसके बाद आवेदन का कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।

