Kainchi Dham में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस वार्षिक मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव Anand Bardhan ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को मेले के सुव्यवस्थित संचालन के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अगले 10 दिनों के लिए विशेष रूट प्लान और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के लिए जोनल और सेक्टोरल प्लान तैयार किया जाए तथा पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार राज्य और राज्य के बाहर भी किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थलों पर पेयजल, टॉयलेट, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग में सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने और पार्किंग क्षेत्र से मंदिर तक शटल सेवा चलाने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने पुलिस और लोक निर्माण विभाग को वैकल्पिक मार्ग तैयार करने, रूट डायवर्जन और ब्लैक टॉपिंग कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए निकासी योजना तैयार रखने और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सचिव Dhiraj Singh Garbyal, कुमाऊं आयुक्त Deepak Rawat, आईजी कुमाऊं Nivedita Kukreti, जिलाधिकारी नैनीताल Lalit Mohan Rayal और एसएसपी Manjunath TC समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

