देहरादून। आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक परिवार को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत प्रदान की है। रायपुर विकासखंड के मालदेवता निवासी संध्या रमोला के परिवार का 71 हजार रुपये का ऋण जिला प्रशासन ने सीएसआर फंड से जमा कराते हुए माफ कराया है। इसके साथ ही रायफल क्लब मद से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।
संध्या रमोला के पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज हिमालय अस्पताल में चल रहा है। लगातार कीमोथेरेपी के चलते वह काम करने में असमर्थ हो गए हैं। परिवार में दो छोटे बच्चे हैं और इलाज व घरेलू खर्चों के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी।
संध्या ने जिलाधिकारी सविन बंसल से सहायता की गुहार लगाई थी। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह और स्वरोजगार के लिए बैंक से लिया गया ऋण पति की बीमारी के कारण वह चुका नहीं पा रही थीं। बैंक की ओर से नोटिस जारी होने और लगातार दबाव बनाए जाने से परिवार मानसिक तनाव में भी था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सीएसआर फंड से 71 हजार रुपये सीधे ऋण खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त डीबीटी के माध्यम से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी संध्या रमोला के खाते में भेजी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जरूरतमंद और संकटग्रस्त परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि योजनाओं से वंचित या आकस्मिक संकट का सामना कर रहे लोगों तक प्रशासन लगातार मदद पहुंचा रहा है।

