Tuesday, June 23, 2026
Homeदेहरादूनचारधाम और हेमकुंड यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि, अफवाह फैलाने वालों...

चारधाम और हेमकुंड यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत है। उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और प्रकृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे देवभूमि के शांत वातावरण में अपनी यात्रा का आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल में सामने आई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं प्रसारित करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज और समुदायों को बांटने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों ने मिल-जुलकर देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रदेश में चारधाम यात्रा के साथ हेमकुंड साहिब यात्रा भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है। चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 25 हजार अधिक दर्ज की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments