देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। यात्रा शुरू होने के महज 23 दिनों के भीतर ही चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 11 लाख के पार पहुंच गया है। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई है।
चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यात्रा शुरू होते ही पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम चुनौती बना रहा, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धामों में पहुंच रही है।
पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक केदारनाथ धाम में 4.50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि बदरीनाथ धाम में 2.70 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं गंगोत्री धाम में 1.65 लाख और यमुनोत्री धाम में 1.69 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में प्रतिदिन औसतन 15 से 20 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक चारधाम यात्रा के लिए 32.75 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। प्रदेश सरकार और प्रशासन यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

