देहरादून। जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न के चलते इस बार उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मानसून की देरी का असर प्रदेश के तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मैदानी इलाकों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी चटक धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मंगलवार को दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि बीच-बीच में बादल छाने से कुछ देर के लिए राहत का अहसास भी हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि बदलते जलवायु पैटर्न के कारण मानसून के आगमन में देरी हो रही है। इसका असर प्रदेश के मौसम चक्र पर भी पड़ रहा है। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार से मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादल छाने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

