देहरादून। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी। पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर करीब पांच रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है।
नई दरें लागू होने के बाद देहरादून में पेट्रोल की कीमत 97.85 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 93.18 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इसके अलावा सीएनजी के दामों में भी प्रति किलो तीन रुपये की वृद्धि की गई है। इसके बाद दून में सीएनजी की कीमत 97 रुपये प्रति किलो हो गई है।
लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पेट्रोल महंगा होने से निजी वाहन चलाने वालों का मासिक खर्च बढ़ेगा, वहीं डीजल के दाम बढ़ने से ट्रक, बस और माल ढुलाई की लागत में इजाफा होने की आशंका है। इसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

