देहरादून। सोशल मीडिया के माध्यम से सभी थानों में बम धमाके की धमकी मिलने के बाद दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
देर रात और सुबह तड़के से सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आने-जाने वाले वाहनों की आकस्मिक जांच कर रही हैं। अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और उनके सत्यापन संबंधी दस्तावेज भी जांचे जा रहे हैं।
पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं के साथ-साथ आंतरिक मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर चेकिंग अभियान का निरीक्षण कर रहे हैं और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

