Thursday, May 28, 2026
Homeदेहरादूनभद्रकाली चेक पोस्ट पर ओवरलोड यात्रा बस सीज, यात्रियों की सुरक्षा से...

भद्रकाली चेक पोस्ट पर ओवरलोड यात्रा बस सीज, यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ उजागर

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के दौरान परिवहन विभाग की चेकिंग में एक बड़ा मामला सामने आया है। टिहरी जिले के अंतर्गत भद्रकाली चेक पोस्ट पर जांच के दौरान एक यात्रा बस में भारी ओवरलोडिंग पकड़ी गई। बस के भीतर का दृश्य देखकर परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी हैरान रह गए। सीटों के अलावा गियर बॉक्स, सीटों के नीचे और अन्य स्थानों पर भी यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया था। कई यात्रियों के खड़े होने तक की जगह नहीं बची थी।

बताया जा रहा है कि बस हरियाणा से टिहरी जिले तक पहुंची थी। ऐसे में रास्ते में चेकिंग व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि मोटी कमाई के लालच में यात्रियों की जान जोखिम में डाली जा रही है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।

ओवरलोडिंग का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में यात्रियों को अमानवीय तरीके से बैठे देखा जा सकता है। इसे लेकर आमजन में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। पर्वतीय मार्गों पर लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बावजूद यात्रा वाहनों की चेकिंग में बरती जा रही लापरवाही को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग की आलोचना हो रही है।

इधर, परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए बस को सीज कर दिया है। रश्मि पंत ने बताया कि भद्रकाली, ब्रह्मपुरी और सत्य नारायण मंदिर के समीप बनाए गए चेक पोस्टों पर 24 घंटे यात्रा वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जांच के दौरान ग्रीन कार्ड, वाहन फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की जाती है। साथ ही ओवरलोडिंग और सुरक्षा नियमों के पालन की भी जांच की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक और संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments