देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज 25 सितंबर को देहरादून पहुंचेंगे। भाजपा ने हाल ही में राम माधव को प्रदेश प्रभारी तथा अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी नियुक्त किया है।
तीनों नेताओं के देहरादून दौरे के दौरान प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी। प्रदेश संगठन की ओर से तीनों नेताओं को बैठक की सूचना दे दी गई है। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ ही आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मतदान 16 अक्टूबर को होना है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि 25 सितंबर को होने वाली कोर कमेटी की बैठक में राम माधव, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज शामिल होंगे। बैठक में राज्यसभा प्रत्याशी के लिए तीन नामों का पैनल तैयार कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजने की प्रक्रिया पर चर्चा होगी।

