मसूरी। अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन के निकट अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सोमवार सुबह प्रशासन और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एमडीडीए की टीम ने जेसीबी चलाकर चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि रॉक स्टोन के पास अनधिकृत निर्माण को लेकर संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा के खिलाफ प्राधिकरण में वाद दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद प्राधिकरण ने 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया था। इसी आदेश के अनुपालन में सोमवार को चार दुकानों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, अवर अभियंता अनुज पांडेय और सुपरवाइजर संजीव की मौजूदगी में की गई। मौके पर नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा तैनात रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की कमान कोतवाली मसूरी के एसएचओ देवेंद्र सिंह चौहान ने संभाली। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
पुलिस सुरक्षा के बीच जेसीबी से चारों दुकानों को एक-एक कर ध्वस्त किया गया। कार्रवाई देखने के लिए आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रशासन और एमडीडीए की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई संपन्न कराई।
एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि संबंधित स्थल पर दोबारा अनधिकृत निर्माण न हो, इसके लिए निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

