देहरादून। नई दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में होटल के कुक और उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश में समर्थन बढ़ता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोशल मीडिया के माध्यम से केशव नेगी के समर्थन में आवाज उठाई है।
उन्होंने कहा कि पूरा उत्तराखंड केशव नेगी को न्याय दिलाने के लिए खड़ा है और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को सजा नहीं भुगतनी पड़ेगी। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार देशभर में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री धामी से बातचीत के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष ढंग से की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाएंगी। उन्होंने केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी फोन पर बात कर परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार देशभर में रह रहे सभी प्रवासी उत्तराखंडी भाई-बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

