देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक कर प्रदेश में खाद्यान्न और दैनिक आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं कीमतों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आमजन को उचित दरों पर आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने आयुक्त खाद्य बी.एल. राणा से प्रदेश में खाद्य सामग्री, डीजल-पेट्रोल, एलपीजी और अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता तथा कीमतों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों और उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण अभियान चलाने तथा बाजारों, गोदामों और थोक विक्रेताओं की लगातार जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता को राहत देने और बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खासतौर पर चारधाम यात्रा से जुड़े जिलों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में आयुक्त खाद्य बी.एल. राणा, चीफ मार्केटिंग ऑफिसर डॉ. एम.एस. विसेन, रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर सी.एम. घिल्डियाल तथा उपायुक्त निधि रावत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

