देहरादून। मुस्लिम सेवा संगठन ने चकराता रोड स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद केंद्र और राज्य सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से इस विषय पर स्पष्ट निर्णय लेने की अपील की।
संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने कहा कि देश में गाय के मुद्दे पर लगातार राजनीति की जाती है और मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया जाता है, जबकि उनका संगठन लंबे समय से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग करता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि गाय वास्तव में आस्था और सम्मान का विषय है तो केंद्र सरकार को इसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने पर निर्णय लेना चाहिए। केवल चुनाव और राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को उठाना उचित नहीं है।
आकिब कुरैशी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा इसके संरक्षण को राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के लिए धार्मिक मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल बंद होना चाहिए। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

