देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने प्रवक्ता भर्ती से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। अब इन परीक्षाओं की नई तिथि बाद में जारी की जाएगी।
आयोग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग) समूह-ग सामान्य शाखा एवं महिला शाखा परीक्षा 2025 के तहत 9 मई को प्रस्तावित प्रवक्ता भौतिक शास्त्र और 10 मई को प्रस्तावित प्रवक्ता नागरिक शास्त्र की परीक्षा को अग्रिम आदेशों तक टाल दिया गया है।
यह जानकारी आयोग के परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा द्वारा जारी की गई है। आयोग ने हाल ही में जारी परीक्षा कैलेंडर में इन परीक्षाओं का उल्लेख भी किया था, लेकिन अब इन्हें स्थगित कर दिया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं की नई तिथि जल्द ही अलग से घोषित की जाएगी। परीक्षार्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

