देहरादून। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए योगनगरी ऋषिकेश और उदयपुर सिटी के बीच संचालित होने वाली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन की अवधि में विस्तार कर दिया है। अब यह ट्रेन 29 जुलाई तक संचालित की जाएगी।
ऋषिकेश मंडल के वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 09609-09610 स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन की संचालन अवधि 30 जून के बाद भी बढ़ाते हुए जुलाई माह तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
इसके तहत गाड़ी संख्या 09609 उदयपुर सिटी से योगनगरी ऋषिकेश के लिए 7, 14, 21 और 28 जुलाई को प्रत्येक मंगलवार को रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 09610 योगनगरी ऋषिकेश से उदयपुर सिटी के लिए 8, 15, 22 और 29 जुलाई को प्रत्येक बुधवार को संचालित की जाएगी। दोनों ओर से ट्रेन के कुल 4-4 फेरे लगाए जाएंगे।
यह स्पेशल ट्रेन हरिद्वार, रुड़की, टपरी, रामपुर मनिहारान, शामली, पुरानी दिल्ली, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, राजगढ़, बांदीकुई, दौसा, गांधीनगर, जयपुर, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, विजयनगर, मंडल, भीलवाड़ा, फतेहनगर, मावली और राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे के इस निर्णय से उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी।

