Saturday, June 13, 2026
Homeदेहरादूनराष्ट्रपति मुर्मू की मौजूदगी में आईएमए की ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड, पहली...

राष्ट्रपति मुर्मू की मौजूदगी में आईएमए की ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड, पहली बार 9 महिला अफसर बनीं सेना का हिस्सा

देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में शनिवार को आयोजित 158वीं पासिंग आउट परेड ऐतिहासिक बन गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में आयोजित इस भव्य समारोह में कुल 515 जेंटलमैन कैडेट्स भारतीय सेना और मित्र देशों की सेनाओं का हिस्सा बने। इनमें 481 भारतीय कैडेट और 16 मित्र देशों के 34 कैडेट शामिल रहे। खास बात यह रही कि पहली बार नौ महिला सैन्य अधिकारियों को आईएमए से कमीशन मिला और वे भारतीय सेना में शामिल हुईं।

शनिवार सुबह निर्धारित समय पर 6:40 बजे परेड की शुरुआत हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आईएमए पहुंचकर चैटवुड भवन में परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

परेड के दौरान कैडेट्स ने अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। ‘अंतिम पग’ पार करते ही पूरा परेड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद आयोजित पीपिंग सेरेमनी में नव नियुक्त अधिकारियों के कंधों पर रैंक सजाई गई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में सभी कैडेट्स को सफल प्रशिक्षण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आईएमए केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं देता, बल्कि दया, करुणा और मानवीय मूल्यों की शिक्षा भी देता है, जो अधिकारियों को सेवा जीवन में बेहतर नेतृत्व प्रदान करती है।

समारोह के दौरान हेलिकॉप्टर से कैडेट्स पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे माहौल गर्व और उत्साह से भर गया। इसके बाद तीन हेलिकॉप्टरों ने तिरंगा, सेना का ध्वज और आईएमए का ध्वज लेकर परेड ग्राउंड के ऊपर फ्लाईपास्ट किया।

इस वर्ष विभिन्न कोर्सों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया गया। ऑफिसर कैडेट विशाल कुमार को स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और आरईजी कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल दिया गया। प्रिंस राज को सिल्वर मेडल और तेजस भट्ट को ब्रॉन्ज मेडल मिला। टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में हृषभ मिश्रा प्रथम रहे, जबकि करन पांडे और बोधराज थापा को भी सम्मानित किया गया। बांग्लादेश के कैडेट को बेस्ट फॉरेन कैडेट पुरस्कार प्रदान किया गया।

यह अवसर भारतीय सैन्य इतिहास में इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि यह दूसरा मौका था जब किसी महिला राष्ट्रपति ने आईएमए की पासिंग आउट परेड की सलामी ली। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल भी इस गौरवपूर्ण समारोह में शामिल हो चुकी हैं।

आईएमए 158वीं पासिंग आउट परेड : पुरस्कार विजेता

  1. ऑफिसर कैडेट विशाल कुमार
    • स्वॉर्ड ऑफ ऑनर
    • गोल्ड मेडल (आरईजी कोर्स में प्रथम स्थान)
  2. ऑफिसर कैडेट प्रिंस राज
    • सिल्वर मेडल (आरईजी कोर्स में द्वितीय स्थान)
  3. ऑफिसर कैडेट तेजस भट्ट
    • ब्रॉन्ज मेडल (आरईजी कोर्स में तृतीय स्थान)
  4. ऑफिसर कैडेट हृषभ मिश्रा
    • टीजीसी सिल्वर मेडल (टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में प्रथम स्थान)
  5. ऑफिसर कैडेट बोधराज थापा
    • गोल्ड मेडल (स्पेशल कमीशन)
  6. ऑफिसर कैडेट करन पांडे
    • सिल्वर मेडल (टीईएस कोर्स में प्रथम स्थान)
  7. बांग्लादेश के कैडेट
    • बेस्ट फॉरेन कैडेट पुरस्कार
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments