देहरादून। राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर Public Relations Society of India (PRSI) देहरादून चैप्टर द्वारा राजपुर रोड स्थित हुडको सभागार में “लोकतंत्र में जनसंपर्क का महत्व” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में जनसंपर्क की भूमिका, संवाद की आवश्यकता और बदलते संचार माध्यमों की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
चैप्टर के अध्यक्ष एवं उपनिदेशक रवि बिजारनिया ने कहा कि लोकतंत्र में जनसंपर्क सरकार और जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रभावी संवाद से ही विश्वास का निर्माण होता है और यही विश्वास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आधार बनता है।
हुडको के क्षेत्रीय प्रमुख संजय भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि जनसंपर्क केवल शासन-प्रशासन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार और समाज के स्तर पर भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने आज के दौर में बढ़ते संचार माध्यमों के बीच जिम्मेदार और संतुलित संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।
चैप्टर के सचिव अनिल सती ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए PRSI की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सदस्य मनीता हरि ने फेक न्यूज़ और डीप फेक जैसी आधुनिक चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सतर्कता बरतने की अपील की। वक्ताओं ने जनसंपर्क के सकारात्मक, प्रामाणिक और प्रभावी स्वरूप पर बल देते हुए इसे संस्थागत और व्यक्तिगत स्तर पर राष्ट्र एवं समाज सेवा का सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार संजीव कंडवाल ने किया। इस अवसर पर राकेश डोभाल, प्रियांक वशिष्ठ, सुशील कुमार, मनोज सती, रितिक, वैभव गोयल, विमल डबराल, दिनेश कुमार, दीपक शर्मा, संजय पांडेय और पुष्कर नेगी सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार साझा किए।

