देहरादून, सहसपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सरकार स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 65 दिनों के दौरान करीब 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। देहरादून जिले में आयोजित 46 शिविरों में 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की, जबकि लगभग 39 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिया गया।
उन्होंने बताया कि 4 जुलाई से शुरू हुए सेवा पखवाड़े के तहत अब तक प्रदेशभर में 64 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। प्राप्त 5,567 जनसमस्याओं में से 4,951 का समाधान किया जा चुका है तथा 2,522 नागरिकों को विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सहसपुर में आयोजित शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण-पत्र एवं अन्य सहायता भी वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन, उद्योग, निवेश और हवाई संपर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून बनाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर प्रभावी ढंग से काम कर रही है।
मौके पर ही दिए अधिकारियों को निर्देश
जनसेवा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कारबारी ग्रांट में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुईं में आंतरिक मार्ग, नालियों और जल निकासी कार्य कराने, गोकुल फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट को सहायता उपलब्ध कराने, भाऊवाला में श्मशान घाट निर्माण, अटकफार्म व सेंट्रल होपटाउन के बंदोबस्त संबंधी समस्या का 15 दिन में समाधान, भगवानपुर बहुगुणा मार्ग पर पार्क एवं ओपन जिम निर्माण तथा बड़ोवाला में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

