देहरादून। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष रेल यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में संस्कृति निदेशालय ने मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। यह विशेष ट्रेन 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से रवाना होगी, जिसमें 720 श्रद्धालु सोमनाथ धाम की यात्रा करेंगे।
संस्कृति विभाग के निदेशक प्रदीप जोशी ने 8 जुलाई को मंडलीय रेलवे प्रबंधक, मुरादाबाद मंडल को भेजे पत्र में बताया है कि उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के अनुरोध पर विभाग ने ट्रेन की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 9 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान भी कर दिया है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुबह का नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन, पीने का स्वच्छ पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ तथा पैक्ड नारियल पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा ट्रेन में आवश्यक स्टाफ की तैनाती, नामित अधिकारी, संपर्क व्यवस्था तथा हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर निर्धारित ठहराव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की योजना है। इसके मद्देनज़र स्टेशन पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत-सम्मान तथा विशेष रेल सजावट की जिम्मेदारियां भी तय करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

