देहरादून। होम स्टे अनुदान देने के एवज में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद जिला पर्यटन अधिकारी देहरादून बृजेश पांडे को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में पर्यटन सचिव धीराज गर्बियाल ने निलंबन आदेश जारी किए हैं।
बताया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई शिकायत और सूचनाओं का विभाग ने संज्ञान लिया था। इसके बाद कराई गई प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने बृजेश पांडे के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रकरण की विस्तृत जांच अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी को सौंपी गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर पर्यटन विभाग में भी हलचल बनी हुई है।

