Saturday, April 25, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या पहुंची हजार पार

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या पहुंची हजार पार

देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना मरीजों की संख्या एक हजार पार कर गई। मंगलवार सुबह से देर रात तक आई रिपोर्टों में 91 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिनमें ज्यादातर प्रवासी हैं। 38 मामले देहरादून से हैं। इसके अलावा नैनीताल में 22, टिहरी में 14, हरिद्वार व चमोली में छह-छह, पौड़ी में तीन और रुद्रप्रयाग में दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। चंपावत जिले में लोहाघाट ब्लॉक के डेंसली गांव निवासी कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई है। कोरोना से ये सातवीं मौत है।

लॉकडाउन-तीन में मिली छूट के बाद सैकड़ों की संख्या में प्रवासी उत्तराखंड लौटे हैं। जैसे-जैसे उनकी आमद बढ़ी उसी अनुपात में कोरोना संक्रमितों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ता चला गया। लॉकडाउन-तीन से पहले जहां प्रदेश में मरीजों की संख्या 61 थी, वहीं अब यह आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को 984 सैंपल की जांच रिपोर्ट मिली है, जिनमें 893 की रिपोर्ट नेगेटिव और 91 केस पॉजिटिव हैं।

जनपद देहरादून में जिन 38 मामलों में कोरोना की पुष्टि हुई है, इनमें आठ पूर्व में मंडी में संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में आए हैं। इनमें दो आढ़ती भी शामिल है। इसके अलावा बिधौली स्थित क्वारंटाइन सेंटर में ठहरे 25 लोगों को कोरोना संक्रमण पाया गया। इनमें से 22 लोग रुद्रप्रयाग के रहने वाले हैं और हाल ही में महाराष्ट्र से लौटे हैं। दो लोग हर्रावाला और एक कारगी निवासी है। दून में लोहियानगर ब्रह्मपुरी, ईसी रोड और जीएमएस रोड में भी एक-एक केस पॉजिटिव मिला है। एम्स ऋषिकेश में पत्नी का इलाज कराने आए मुरादाबाद निवासी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया। वहीं सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति कैंसर का इलाज कराने हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट आया था, वह अब वापस उप्र लौट चुका है।

नैनीताल में संक्रमित मिले 22 लोग मुंबई से लौटे हैं। टिहरी में छह, नौ व बारह साल की तीन बच्चियां, एक आठ साल का बच्चा, दो 16 और 17 साल के किशोर और आठ अन्य लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उधर, चमोली में कोरोना पॉजिटिव छह लोगों में तीन पुणे, दो मुंबई व एक दिल्ली से लौटा है। जबकि, हरिद्वार में भी मुंबई से लौटे छह लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। रुद्रप्रयाग में जिन दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है वह कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटे हैं। पौड़ी में भी तीन नए मरीज मिले हैं।

इस बीच, 30 और लोग स्वस्थ होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हो गए। इनमें आठ नैनीताल, आठ अल्मोड़ा, छह हरिद्वार, तीन पौड़ी, तीन पिथौरागढ़ और एक-एक मरीज ऊधमसिंहनगर और बागेश्वर से हैं। प्रदेश में अब तक 1051 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 254 स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना संक्रमित सात लोगों की मौत भी हो चुकी है। चार मरीज राज्य से बाहर चले गए हैं। वर्तमान में प्रदेश में 786 एक्टिव केस हैं।

उत्तराखंडः कोरोना मीटर

जांच रिपोर्ट- 984

नेगेटिव रिपोर्ट- 893

पॉजिटिव रिपोर्ट- 91

अब तक स्वस्थ-254

एक्टिव केस-786

राज्य में कुल संक्रमित संख्या- 1051

अभी तक मौतें- 07

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments