देहरादून। बीते कुछ दिनों से तेज गर्मी से परेशान लोगों को गुरुवार देर रात हुई बारिश के बाद राहत मिली। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून समेत उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी तीन जून तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

