देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी बिजली चमकने, तेज बारिश और आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
वहीं, प्रदेश के 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का भी अनुमान है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

