देहरादून। उत्तराखंड में सितंबर के पहले सप्ताह में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 सितंबर को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक कई क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की आशंका है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और आकाशीय बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
दो एनएच समेत 172 सड़कें बंद
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। राज्य में दो राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) समेत कुल 172 सड़कें बंद हैं। इनमें अल्मोड़ा की 23, बागेश्वर की 11, चमोली की 17 और चंपावत की दो सड़कें शामिल हैं।
इसके अलावा देहरादून में 15, नैनीताल में 40, पौड़ी में 12, पिथौरागढ़ में 12, रुद्रप्रयाग में 11, टिहरी में 15 और उत्तरकाशी में 14 मार्ग बंद हैं।
सड़कों के बंद होने से कई क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से बंद मार्गों को खोलने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

