देहरादून। उत्तराखंड में संत नीब करौरी बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश में सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में फिल्म के टिकटों पर लगने वाले राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) की प्रतिपूर्ति की जाएगी। इस संबंध में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने राज्य कर विभाग को आदेश जारी किए हैं।
आदेश के अनुसार, प्रदेश के सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में ‘हनुमान अंश’ फिल्म के प्रदर्शन पर टिकट बिक्री के दौरान केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) और राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) लिया जाता है। सरकार ने फिल्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति करने का निर्णय लिया है।
सीएम धामी ने परिवार और मंत्रियों के साथ देखी थी फिल्म
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में अपनी पत्नी गीता धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व प्रदीप बत्रा के साथ ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म को उत्तराखंड में कर मुक्त करने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीब करौरी बाबा का जीवन भी इस महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि है। नीब करौरी बाबा का कैंची धाम विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
फिल्म में बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े मूल्यों को प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। इसमें ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोक कल्याण की भावना को प्रमुखता दी गई है।

