देहरादून। उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार को सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गणना फॉर्म सौंपा।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आगामी 7 जुलाई तक चलने वाले इस एक माह के अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं के गणना फॉर्म एकत्रित कर बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटलाइज किए जाएंगे। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं का सही विवरण सुनिश्चित करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाना है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बन सके। इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

