देहरादून। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शनिवार सुबह विशेष विमान से दिल्ली से देहरादून पहुंचे। उनके देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून एयरपोर्ट पर एक दिन पहले ही व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां की गई थीं। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने रिहर्सल के जरिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। एयरपोर्ट से देहरादून तक फ्लीट दौड़ाकर सुरक्षा प्रबंधों की जांच की गई।
एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति सड़क मार्ग से देहरादून के लिए रवाना हुए, जहां वे एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के पश्चात दोपहर करीब एक बजे वे पुनः सड़क मार्ग से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी में एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदूवंशी, एसपी देहात जया बलूनी, सीओ विवेक कुटियाल, कोतवाल प्रदीप राणा सहित पुलिस व प्रशासन के कई अधिकारी तैनात रहे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

