ऋषिकेश के ढालवाला क्षेत्र में बुधवार को एक वर्कशॉप में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि वर्कशॉप में वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी चिंगारी निकलने से दुकान में आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग की लपटें दूर तक नजर आने लगीं। घटना स्थल के पास ही सीएनजी पंप और एक बैंक होने के कारण खतरा और बढ़ गया था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
मुनिकीरेती थाना प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

