Wednesday, September 16, 2026
Homeदेहरादूनकुंभ और विधानसभा चुनाव की सुरक्षा को लेकर इंटेलीजेंस अलर्ट, 24 घंटे...

कुंभ और विधानसभा चुनाव की सुरक्षा को लेकर इंटेलीजेंस अलर्ट, 24 घंटे सोशल मीडिया पर नजर

देहरादून। आगामी कुंभ मेला और विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड में सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। डीजीपी दीपम सेठ की अध्यक्षता में हुई इंटेलीजेंस अधिकारियों की बैठक में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य वीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था को भी और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में धार्मिक और सरकारी आयोजनों के दौरान 24 घंटे सोशल मीडिया पर निगरानी रखने पर जोर दिया गया। डीजीपी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों और पोस्ट की लगातार निगरानी के साथ तथ्य जांच की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए, ताकि समय रहते सही जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा सके।

सीमावर्ती जिलों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर

बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिलों में संदिग्ध गतिविधियों, सीमा पार से घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के अधिकारियों की उच्चस्तरीय अंतर एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

वर्तमान चारधाम यात्रा और प्रदेश में बढ़ती पर्यटकों व श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। आगामी कुंभ मेले और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के निर्बाध और सुरक्षित संचालन के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

विधानसभा चुनाव में बढ़ेगी वीआईपी सुरक्षा

विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी के भ्रमण और कार्यक्रम बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। चुनावी सभाओं में बड़े नेताओं और मंत्रियों के कार्यक्रमों को देखते हुए कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की पहले से तैयारी करने को कहा गया।

बैठक में महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए आवश्यक जनशक्ति, तकनीकी उपकरण और अन्य संसाधनों की उपलब्धता समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राज्य स्थापना दिवस, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को देखते हुए भी संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने को कहा गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments