देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच उत्तराखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) पद का अतिरिक्त प्रभार रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को सौंप दिया है।
दरअसल, बीकेटीसी के पूर्व CEO विजय थपलियाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद यह पद खाली चल रहा था। ऐसे में यात्रा से पहले नए CEO की नियुक्ति को लेकर शासन स्तर पर कवायद तेज थी।
बताया जा रहा है कि कई पीसीएस अधिकारी भी इस अहम पद पर तैनाती के लिए प्रयासरत थे। वहीं, सरकार इस बार देश के प्रमुख मंदिरों की तर्ज पर किसी वरिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही थी। देश के प्रसिद्ध मंदिर जैसे महाकाल मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, तिरुपति बालाजी मंदिर और सिद्धिविनायक मंदिर में प्रशासनिक जिम्मेदारियां प्रायः वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाती हैं।
इसी तर्ज पर आखिरकार सरकार ने रुद्रप्रयाग के डीएम विशाल मिश्रा को यह जिम्मेदारी देते हुए बीकेटीसी की कमान सौंपी है, ताकि यात्रा व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
19 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा
इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है।
- 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।
- 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
सरकार का मानना है कि यात्रा से ठीक पहले यह फैसला व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में मददगार साबित होगा।

