देहरादून। छात्रसंघ चुनाव को लेकर एनएसयूआई ने देहरादून के तीन प्रमुख महाविद्यालयों में अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। डीएवी पीजी कॉलेज और डीबीएस पीजी कॉलेज में संगठन ने अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि एमकेपी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख पदों के लिए पूरा पैनल मैदान में उतारा गया है।
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि डीएवी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए सौरभ सेमवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, डीबीएस पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अभिनव कफलिया को दी गई है।
एमकेपी पीजी कॉलेज में एनएसयूआई ने पूरा पैनल घोषित किया है। यहां प्राची शर्मा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है। उपाध्यक्ष पद पर मोनिका, सहसचिव पद पर संजना, महासचिव पद पर प्रीति और कोषाध्यक्ष पद पर मोनिका रौथान को मैदान में उतारा गया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद के लिए सलोनी को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
एनएसयूआई की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही दून के प्रमुख महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

