Thursday, August 27, 2026
Homeदेहरादूनटपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम धामी, पूजा-अर्चना...

टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम धामी, पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद

देहरादून। भगवान श्री टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा आज त्रयोदशी के अवसर पर श्रद्धा और भव्यता के साथ निकाली जा रही है। शोभायात्रा का शुभारंभ सहारनपुर रोड स्थित श्री शिवाजी धर्मशाला से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे और टपकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महंत कृष्ण गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी महाराज सहित देश-विदेश से पहुंचे अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।

महंत कृष्ण गिरी महाराज और दिगंबर भरत गिरी महाराज ने बताया कि इस बार शोभायात्रा को पहले की अपेक्षा और अधिक आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया है। शोभायात्रा में श्री टपकेश्वर महादेव, श्री दूधेश्वर महादेव, श्री तपेश्वर महादेव, श्री देवेश्वर महादेव और ब्रह्मलीन महंत माया गिरि महाराज का डोला प्रमुख आकर्षण का केंद्र है।

चौराहों पर पुलिस के साथ व्यवस्था संभालेंगे सेवादार

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सेवा दल के सेवादार प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था संभाल रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि यात्रा मार्ग पर भीड़ और यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

स्वच्छता व्यवस्था के लिए 50-50 लोगों की दो सफाई टीमें अलग-अलग समय पर तैनात की गई हैं। ये टीमें शोभायात्रा के गुजरने के तुरंत बाद सड़क की सफाई करेंगी।

स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्था भी चाक-चौबंद

शोभायात्रा के साथ स्वास्थ्य एवं आपातकालीन व्यवस्था के लिए दो एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। इनमें दो डॉक्टर और चार नर्स मौजूद हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन भी शोभायात्रा के साथ चल रहा है।

शोभायात्रा के टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद मंदिर के सत्संग भवन में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments