देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन वर्तमान समय की आवश्यकता हैं, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्नोलॉजी और साइंस से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से प्राप्त सुझाव राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा देंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सामरिक और पर्यटन दोनों दृष्टियों से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है। यहां प्रतिवर्ष 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर पहुंचते हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के कारण उत्तराखंड में कई आकर्षक डेस्टिनेशन मौजूद हैं। राज्य फिल्म शूटिंग के लिए भी अनुकूल है और इस क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। साथ ही औद्योगिक निवेश के लिए भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं, जिनके विकास पर सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए सरकार आधारभूत संरचना और सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे, एनटीटी ग्लोबल डाटा सेंटर के इंडिया हेड निमेश कुमार, अडाणी कनेक्स के कंट्री हेड कपिल चुघ, यात्ता डाटा सेंटर की वाइस प्रेसिडेंट ज्योति माल्दे, नेटफॉर चॉइस डाटा सेंटर के फाउंडर समीर यादव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

