देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आज 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।
82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग को बड़ी राहत
छबीलबाग, कांवली रोड निवासी 82 वर्षीय दिव्यांग नत्थीलाल ने पानी के ₹31,657 के भारी बिल से राहत की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जल संस्थान को निर्देश दिए। जांच के बाद ₹11,487 ब्याज माफ किया गया, जबकि शेष ₹20,170 की राशि वन टाइम सेटलमेंट के तहत राइफल फंड से जमा कराई जा रही है।
बेटे की मौत के बाद भटक रही मां को मिला न्याय का भरोसा
विकासनगर निवासी मीना बंसल ने बताया कि उनके पुत्र की 2023 में होटल में दुर्घटना के बाद मृत्यु हो गई थी, लेकिन कंपनी ने मुआवजा नहीं दिया। डीएम ने सहायक श्रम आयुक्त को एफआईआर दर्ज कराने और लेबर कोर्ट में मामला दाखिल कर 2 माह में निस्तारण के निर्देश दिए।
बुजुर्ग दंपति को सुरक्षा का आश्वासन
ऋषिकेश निवासी नीलम अरोड़ा और उनके पति ने पुत्रवधु द्वारा मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत की। इस पर डीएम ने एसडीएम कोर्ट में भरण-पोषण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बेटियों की शिक्षा का जिम्मा प्रशासन ने उठाया
धर्मपुर निवासी रोशनी रावत ने आर्थिक तंगी के कारण अपनी दो बेटियों की पढ़ाई में आ रही दिक्कत बताई। डीएम ने दोनों बच्चियों की शिक्षा प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के तहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर्रावाला में नहर क्षतिग्रस्त, जांच के आदेश
हर्रावाला निवासी बाबूराम मौर्य ने शिकायत की कि भू-माफियाओं ने सरकारी नहर को जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे फसल प्रभावित हो रही है। डीएम ने अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डोईवाला और लघु सिंचाई विभाग को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन बना भरोसे का मंच
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता है। प्रभावी निस्तारण से जनता का प्रशासन पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते जनदर्शन में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

