देहरादून। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत नर्सिंग एकता मंच के सदस्यों ने सोमवार सुबह उग्र प्रदर्शन किया। कई दिनों से एकता विहार धरना स्थल पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों ने इस बार परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5 बजे कुछ प्रदर्शनकारी पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
आंदोलन कर रहे नर्सिंग कर्मियों का कहना है कि उनकी मांगों पर लंबे समय से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके चलते उन्हें उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द उनकी मांगें पूरी करने की मांग की है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

