देहरादून। प्रदेश में नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा दी जाएगी। इस संबंध में शासन स्तर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत ने रोडवेज प्रबंध निदेशक को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को नीट यूजी-2026 का प्रवेशपत्र दिखाने पर निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाए।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह सुविधा परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व और परीक्षा समाप्त होने के दो दिन बाद तक मान्य रहेगी। अभ्यर्थी उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में अपने प्रवेशपत्र के आधार पर यात्रा कर सकेंगे।
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को इससे काफी सुविधा होगी।

