देहरादून। मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास सड़क धंसने के बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित है। 19 अगस्त की रात करीब 11 बजे सड़क का लगभग 50 मीटर हिस्सा धंस गया था, जिसके बाद मार्ग सिंगल लेन रह गया। अब लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क को दोबारा डबल लेन बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार निर्माण कार्य अगले दो दिनों में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकेगी। लगातार बारिश के बीच विभागीय कर्मचारी और मशीनें निर्माण कार्य में जुटी हुई हैं।
सड़क धंसने के कारण फिलहाल वाहनों का संचालन एक ही लेन से किया जा रहा है, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए मौके पर सड़क के दोनों ओर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मी वाहनों को नियंत्रित करते हुए बारी-बारी से दोनों दिशाओं में यातायात संचालित कर रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने बताया कि सड़क को डबल लेन बनाने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो दिनों में निर्माण कार्य पूरा कर मार्ग को यातायात के लिए सामान्य कर दिया जाएगा।

