देहरादून। माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे बने नाले में गिरने से सेंट जूड स्कूल के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार तड़के पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने नाले से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमित सेमवाल (21) पुत्र रामेश्वर प्रसाद, निवासी माजरा, पटेलनगर के रूप में हुई है। अमित सेंट जूड स्कूल की कैंटीन में कार्यरत था। शुक्रवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह पैदल घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा।
रात करीब 12:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे बने नाले में एक युवक फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि अमित नाले में गिर गया था और डूबने या तेज बहाव में बह जाने के कारण उसकी जान चली गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

