देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शिलान्यास की गई 40 गतिमान परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर पोर्टल पर अपलोड करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रोजेक्ट अपडेट करते समय कार्य पूर्ण होने की संभावित तिथि का भी स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष के अंत तक पूर्ण होने वाली परियोजनाओं की मानसून के दौरान लगातार निगरानी कर समय पर पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में पर्यटन विभाग के तहत महासू देवता हनोल में समग्र बुनियादी ढांचे के विकास और जागेश्वर धाम से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिदिन समीक्षा कर तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं शहरी विकास विभाग को देहरादून में जलापूर्ति, सीवरेज और जल निकासी प्रणाली के विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
ऊर्जा विभाग को लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना (300 मेगावाट), 220 केवी बनबसा सबस्टेशन, 400 केवी पिपलकोटी स्विचिंग सबस्टेशन तथा 220 केवी घनसाली सबस्टेशन सहित विभिन्न विद्युत परियोजनाओं में तेजी लाने और वन स्वीकृति व भूमि हस्तांतरण जैसे मामलों की नियमित पैरवी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने लगभग पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा। इनमें 13 जनपदों की 73 पेयजल आपूर्ति योजनाएं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 133 सड़कें (96 प्रतिशत कार्य पूर्ण), 151 पुल (97 प्रतिशत कार्य पूर्ण) तथा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत उधमसिंहनगर में नदी पुनर्जीवन कार्य (98 प्रतिशत पूर्ण) शामिल हैं।
बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

