मसूरी। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मसूरी के स्प्रिंग रोड स्थित भंडारी निवास के पास एक मकान की छत पर दो बड़े पेड़ गिर गए। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर पेड़ों को सुरक्षित हटाया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फायर ऑफिसर धीरज तड़ियाल ने बताया कि स्प्रिंग रोड पर सुनीता के मकान के ऊपर दो पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जांच में पता चला कि मकान के पीछे बना पुस्ता ढहने से उस पर टिके दोनों पेड़ मकान की छत पर गिर गए थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका थी।
फायर कर्मियों ने वुडन कटर की सहायता से दोनों पेड़ों को छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर सावधानीपूर्वक छत से हटाया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। अभियान में चालक राकेश कुमार तथा फायरमैन नितिन सिंह चौहान, अभिषेक कुकरेती और देवेंद्र मलिक शामिल रहे।
उफान पर नदियां और मौसमी नाले
उधर, देहरादून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के पास भंडार गांव क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नदियों और मौसमी नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। तेज बहाव के चलते कई स्थानों पर आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

