देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने मंगलवार को समूह-ग की सात भर्तियों का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर समेत विभिन्न पदों के 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी किया है।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी संशोधित कैलेंडर के अनुसार, पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्तूबर को होगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा 18 अक्तूबर के बजाय 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
सहायक लेखाकार की परीक्षा चार अक्तूबर के बजाय एक नवंबर को होगी, जबकि वैयक्तिक सहायक की परीक्षा अब एक नवंबर के बजाय 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों की परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 जनवरी को ही होगी। आयोग ने बताया कि पूर्व कैलेंडर में वर्ष 2026 गलती से प्रकाशित हो गया था, जिसे अब संशोधित कर 2027 किया गया है।
101 पदों के लिए 14 सितंबर से आवेदन
यूकेएसएसएससी ने वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर समेत विभिन्न समूह-ग पदों के 101 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 सितंबर से 14 अक्तूबर तक किए जा सकेंगे। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 17 से 19 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 20 दिसंबर निर्धारित की गई है।
भर्ती राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में होगी। इनमें आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद, आयुक्त कुमाऊं मंडल में 16 और वन निगम में 10 पद शामिल हैं।
वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 12वीं पास होने के साथ 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति आवश्यक है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
वहीं आशुलिपिक पद के लिए 12वीं पास होने के साथ हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट तथा टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट की गति जरूरी है। आवेदन शुल्क अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के लिए 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है।

