देहरादून: रानीपोखरी में प्रस्तावित लॉ यूनिवर्सिटी को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा के शुभारंभ के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि विधि विश्वविद्यालय की स्थापना उनकी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसे लेकर पहले से ही निर्णय लिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे और सरकार केवल दिखावे के लिए काम नहीं करती। उन्होंने कहा, “हम फैब्रिकेटेड बातें नहीं करते और न ही सस्ती लोकप्रियता के लिए कोई कदम उठाते हैं, बल्कि स्थायी और प्रभावी समाधान पर काम करते हैं।”
सीएम धामी ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी है, जिसके आधार पर जल्द ही बेहतर और व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें कुछ समय तक राजनीति करने दीजिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने टिहरी और बांध विस्थापितों के मुद्दे को भी अहम बताते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा और संतुलित निर्णय लिया जाएगा।

