देहरादून: उत्तराखंड के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रामनगर और देहरादून के बीच जल्द ही सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इस संबंध में सांसद अनिल बलूनी के प्रयास रंग लाए हैं।
सांसद अनिल बलूनी ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने जनवरी माह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस रेल सेवा को शुरू करने का अनुरोध किया था, ताकि क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सके और आवागमन आसान हो।
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा के संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
इसके साथ ही यात्रियों को एक और राहत मिली है। रामनगर के तिरुमदारा में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव भी शुरू हो गया है। इससे स्थानीय यात्रियों को सीधा फायदा मिल रहा है और वे अब इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

