देहरादून। कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गांधी पार्क में धरना दिया। भाजपा ने इसे ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ नाम दिया। धरने में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से की जा रही बयानबाजी के जरिए उत्तराखंड में जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी सामाजिक एकता, भाईचारे और सौहार्द के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। ऐसे में प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने वाली बयानबाजी को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।
धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता जाति और वर्ग के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
भाजपा ने कहा कि प्रदेश की सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सम्मान की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी। साथ ही कांग्रेस से राजनीतिक बयानबाजी में संयम बरतने और उत्तराखंड के सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने की अपील की गई।

