देहरादून। हर्रावाला निवासी नवविवाहिता शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में पुलिस ने मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शुक्रवार को मृतका की मां सीमा कंडारी के डोईवाला कोतवाली पहुंचकर बयान दर्ज कराए गए। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। कभी दहेज की मांग को लेकर तो कभी उसे अपशकुन और मनहूस बताकर परेशान किया जाता था। ससुराल में होने वाली किसी भी अनहोनी के लिए भी उसे जिम्मेदार ठहराने का आरोप है।
मृतका की मां ने आरोप लगाया था कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू समेत अन्य परिजनों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मामले में पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मृतका की मां सीमा कंडारी के बयान भी दर्ज किए गए हैं। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी और मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है।
मां से अक्सर करती थी अपनी परेशानी का जिक्र
सृष्टि की मौत के बाद मायके पक्ष में गहरा आक्रोश है। परिवार के मुताबिक, सृष्टि अक्सर अपनी मां से ससुराल में होने वाली परेशानियों का जिक्र करती थी। हालांकि, पारिवारिक संस्कारों और रिश्ते को बचाए रखने की कोशिश में उसने कभी खुलकर अपनी पीड़ा समाज के सामने नहीं रखी।
मृतका के भतीजे हिमांशु ने बताया कि सृष्टि शादी के बाद से ही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी। इसके बावजूद वह रिश्ता बचाने की उम्मीद में चुप रही। परिवार का आरोप है कि लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना ने उसे भीतर से तोड़ दिया था।
शादी के महज आठ महीने बाद सृष्टि की मौत से मायके पक्ष में गहरा दुख है। कोतवाली पहुंचे परिजनों और रिश्तेदारों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

