देहरादून। साइबर अपराधियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस ने प्रदेशव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ शुरू कर दिया है। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर गुरुवार सुबह से देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के चिह्नित साइबर हॉटस्पॉट में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
अभियान के तहत साइबर अपराध में संलिप्त होने के संदेह वाले लोगों का बड़े स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस टीमें चिह्नित क्षेत्रों में पहुंचकर घेराबंदी कर रही हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर संदिग्ध गतिविधियों और साइबर अपराध से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी, पूछताछ और दस्तावेजों की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराध के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ठिकानों और सक्रिय नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है। अभियान के लिए चारों जिलों में अलग-अलग पुलिस टीमों को तैनात किया गया है।
सुबह से चल रहे अभियान के दौरान बड़ी संख्या में संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस टीमें संदिग्धों से पूछताछ के साथ ही उनके दस्तावेजों की भी जांच कर रही हैं।
साइबर ठगी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पुलिस का विशेष फोकस उन स्थानों पर है, जहां से साइबर ठगी से जुड़े मामलों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी सामने आई है। इन इलाकों में पुलिस टीमें संभावित साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।
पुलिस कार्रवाई के दौरान यदि साइबर अपराध से जुड़े साक्ष्य या अन्य सामग्री मिलती है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान पूरा होने के बाद पुलिस की ओर से गिरफ्तारी, बरामदगी और अन्य कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा जारी किए जाने की संभावना है।

